गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत डुमरा पंचायत के पीडीएस डीलर होपना टुडू के आकस्मिक निधन से क्षेत्र के पीडीएस दुकानदारों में शोक की लहर है. उनके निधन पर झारखंड प्रदेश पीडीएस उपाध्यक्ष सह सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष फुलकांत झा उनके आवास पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनकी पत्नी, बेटी, पुत्र एवं अन्य परिजनों से भेंट की तथा अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में सांत्वना दी.

इस दौरान फुलकांत झा ने सरकार से आग्रह किया कि होपना टुडू के परिवार की आर्थिक स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनके बड़े पुत्र को अनुकंपा के आधार पर पीडीएस दुकान आवंटित की जाए, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके. उन्होंने इस संबंध में राज्य सरकार एवं जिले के उपायुक्त से सकारात्मक सहयोग करने की अपेक्षा जताई.
उन्होंने कहा कि आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ऐसे कठिन समय में सरकार को मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को उचित सहायता प्रदान करनी चाहिए.
इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता, पीडीएस दुकानदार अशोक गुप्ता एवं बाबा तिलका मांझी स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष भी मौजूद थीं. सभी ने दिवंगत होपना टुडू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.







