AdityapurNews: आदित्यपुर के सरकारी कार्यालयों में 77वें गणतंत्र दिवस की धूम ,सुवर्णरेखा परियोजना, नगर निगम और जियाड़ा में शान से लहराया तिरंगा

























सरायकेला : सरायकेला जिले के प्रमुख औद्योगिक और शहरी केंद्र आदित्यपुर में शुक्रवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में तिरंगा फहराकर संविधान की सर्वोच्चता को नमन किया गया।





आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में 77वां गणतंत्र दिवस: ASIA और ऑटो क्लस्टर में धूमधाम से हुआ झंडारोहण

स्वर्णरेखा परियोजना: उपायुक्त ने फहराया तिरंगा
मुख्य समारोह आदित्यपुर स्थित सुवर्णरेखा परियोजना परिसर में आयोजित हुआ। यहाँ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह परियोजना प्रशासक कर्ण सत्यार्थी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने गणतंत्र के मूल्यों और विकास योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला।
समारोह का मुख्य आकर्षण स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति कार्यक्रम रहे। बच्चों ने गीतों और सांस्कृतिक नृत्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संचार किया। इस दौरान मुख्य अभियंता श्रीनिवास प्रसाद, अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार, रविंद्र गागराई सहित विभाग के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम कार्यालय: उत्कृष्ट कर्मी हुए सम्मानित
आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में प्रशासक रवि प्रकाश ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस गरिमामयी समारोह में निगम के उन कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले एक वर्ष में अपने कार्यों से उत्कृष्ट मिसाल पेश की है।
कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव, और बड़ी संख्या में पूर्व पार्षद एवं निगम के अधिकारी उपस्थित थे। वक्ताओं ने नगर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।

जियाड़ा (JIADA): उद्यमियों की उपस्थिति में हुआ झंडोत्तोलन
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जियाड़ा (JIADA) कार्यालय में क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख उद्यमी और जियाड़ा के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। क्षेत्रीय निदेशक ने औद्योगिक विकास और निवेश के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को साझा किया।








