Saraikela Congress Rajbhawan  siege: अडानी मामले में जेपीसी जांच की मांग पर कांग्रेस का राजभवन घेराव, सरायकेला से हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल

सरायकेला : अडानी मामले में जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) जांच की मांग और मोदी सरकार के कथित भ्रष्टाचार विरोधी रुख के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने राजभवन घेराव कार्यक्रम का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में सरायकेला जिला कांग्रेस के एक हजार से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।

कांग्रेस के कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष अम्बुज कुमार के नेतृत्व में नौ प्रखंड और तीन नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र के पंचायतों से निजी वाहनों के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची कूच करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं के वाहनों का काफिला चौका में एकत्रित होगा और वहां से एक साथ राजभवन मार्च के लिए रवाना होगा। प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार अडानी समूह के खिलाफ जेपीसी जांच की मांग को लगातार ठुकरा रही है और सदन में इस मुद्दे पर चर्चा से भाग रही है। कांग्रेस ने कहा कि अडानी एनर्जी के खिलाफ अमेरिका में केस दर्ज है और कंपनी पर निवेशकों के साथ धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। सरायकेला जिले के सभी प्रखंड और नगर कांग्रेस कमेटियों ने कार्यकर्ताओं को जुटाने का अभियान तेज कर दिया है। कार्यकर्ता दल-बल के साथ रांची पहुंचकर राजभवन के घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। जिला कांग्रेस के कार्यकारिणी अध्यक्ष अम्बुज कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई और जेपीसी जांच की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यह घेराव कार्यक्रम केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए है ताकि अडानी मामले में पारदर्शी जांच कराई जाए और संसद में इस मुद्दे पर खुली चर्चा हो। कांग्रेस इस प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार को घेरने और अडानी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को प्रमुखता से उठाने की कोशिश कर रही है। राजभवन घेराव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!