Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत रोबकेरा क्षेत्र के रोमा गांव में 18 वर्षीय विवाहिता सुकुरमनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति के साथ घरेलू विवाद के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। गुरुवार रात उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पति के साथ चल रहा था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुकुरमनी कुमारी और उसके पति हरीनाथ लोहरा के बीच घरेलू मामलों को लेकर पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। गुरुवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और कहासुनी के बाद तीखी झड़प हुई। इसके बाद सुकुरमनी की तबीयत बिगड़ गई।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने यूडी (अस्वाभाविक मृत्यु) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पति एवं अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
इस दुखद घटना के बाद रोमा गांव में शोक का माहौल है। महज 18 वर्ष की उम्र में सुकुरमनी की मौत से परिवार और ग्रामीणों को गहरा सदमा पहुंचा है।








