Adityapur Accident Death: सड़क हादसा, मोटरसाइकिल सवार की मौत, ट्रेलर चालक फरार

Saraikela (सरायकेला) : जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. मंगलवार सुबह करीब 9 बजे आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उत्कल ऑटोमोबाइल के पास एक ट्रेलर गाड़ी ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 36 वर्षीय गुरुचरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक कदम शास्त्री नगर के निवासी थे और औद्योगिक क्षेत्र की हाइको कंपनी में कार्यरत थे. घटना के वक्त वह अपनी पल्सर बाइक (JH05AM 0701) से काम पर जा रहे थे.

हादसे के बाद हंगामा

दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया. इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग, राहगीर और मृतक के परिजन बीच सड़क पर शव के साथ प्रदर्शन करने लगे. उन्होंने पुलिस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई और दोषी ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी की मांग की.

प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई. इस दौरान परिजनों ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषी चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे शांत नहीं बैठेंगे.

पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रेलर व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है.

औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा पर सवाल

यह हादसा औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों के मद्देनजर स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं.

Share करें

✓ Link copy हो गया!