Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर थाना अंतर्गत मंझिटोला स्थित रैन बसेरा कोऑपरेटिव सोसाइटी के एक परिवार पर बीते दिनों हुए घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यहां रहने वाले सरकारी शिक्षक सुजीत कुमार वर्मा ने अपने बेटे और परिवार की सुरक्षा को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), डीजीपी, डीआईजी और सरायकेला पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
सुजीत कुमार वर्मा ने बताया कि 9 सितंबर को उनका बेटा आरुष कुमार घर में अकेला था। उसी दौरान सोसाइटी के केयरटेकर कामता राय के पुत्र जय प्रकाश राय समेत 5-6 युवक उनके घर में जबरन घुस आए और बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही गाली-गलौज भी की। घटना के समय सुजीत कुमार वर्मा स्कूल में ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं, वे भी कार्यस्थल पर थीं।इन्होंने कहा कि इस घटना के बाद उनका परिवार पूरी तरह सहम गया है। सबसे अधिक आघात उनके पुत्र को लगा है। वह अब घर से निकलने में डर रहा है और स्कूल जाने से भी कतराने लगा है, जबकि उसकी परीक्षाएं निकट हैं। पीड़ित परिवार ने इस घटना की लिखित शिकायत आदित्यपुर थाना में की है, लेकिन अब तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। न ही पुलिस जांच में कोई प्रगति दिख रही है।
शिक्षक सुजीत कुमार वर्मा का मानना है कि यह हमला रैन बसेरा कोऑपरेटिव सोसाइटी के पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से प्लॉट संख्या 47 पर रह रहे हैं। यह प्लॉट उनकी मां के नाम पर था और पिता की सहमति से उन्होंने इसे अपने नाम ट्रांसफर करने के लिए आवेदन दिया था। लेकिन समिति ने आज तक मामले को लंबित रखा है। इसी विवाद को लेकर सोसाइटी के पदाधिकारियों से उनका मनमुटाव चल रहा है।
सोसाइटी से विवाद घटना का कारण प्रशासन से जांच की मांग
पीड़ित का कहना है कि सोसाइटी विवाद के कारण ही उनके बेटे को धमकाने की घटना घटी है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके और उनके परिवार को सुरक्षा मिल पाए। उन्होंने साफ कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उच्च स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।








