एग्रीको में हजारों लोगों ने राधे यादव को किया नमन
जमशेदपुर।औद्योगिक नगरी जमशेदपुर के एग्रीको में शनिवार को पूर्व राजद नेता राधे प्रसाद यादव के श्राद्ध भोज में अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और कोल्हान क्षेत्र के दिग्गज नेताओं ने दिवंगत जननायक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ये भी पढ़े:-Jamshedpur Radhey Yadav passed away: राधे यादव कोल्हान में राजद के स्तंभ थे: पुरेंद्र नारायण सिंह

श्राद्ध भोज का आयोजन एग्रीको स्थित राजद कार्यालय परिसर में किया गया था। सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था और दोपहर तक पूरे परिसर में जनसमूह उमड़ पड़ा। श्राद्ध कर्म हिंदू परंपराओं के अनुसार पुत्र सुनील कुमार यादव, पोता अंश, भाई हीरा प्रसाद यादव, भतीजा श्रीनिवास यादव और अन्य परिजनों द्वारा संपन्न किया गया।इस दौरान एग्रीको की धरती एक बार फिर भावुक हो उठी, जब जननायक राधे यादव को अंतिम नमन करने के लिए हजारों लोग पंक्तिबद्ध होकर श्रद्धांजलि देने पहुंचे। लोगों की भीड़ इस बात का प्रतीक थी कि राधे यादव के प्रति जनता का कितना गहरा लगाव और सम्मान था।
राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रभारी पूर्वी सिंहभूम, पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि राधे यादव अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके श्राद्ध भोज में हजारो लोगों की उपस्थिति ने परिवार को आत्मबल दिया है। उन्होंने कहा कि राधे बाबू हमेशा पथ प्रदर्शक के रूप में याद किए जाएंगे और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में पार्टी और समर्थक लगातार प्रयासरत रहेंगे।

कार्यक्रम की देखरेख श्री राधे यादव फाउंडेशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा की गई। मौके पर विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सरयू राय, झामुमो नेता राजू गिरी, मोहन कर्मकार, आस्तिक महतो, टाटा मोटर्स यूनियन महामंत्री आरके सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के दिग्गज नेताओं ने भाग लिया।
नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राधे यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि राधे यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, शोषितों और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका योगदान जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के विकास में सदैव याद किया जाएगा।श्राद्ध भोज में उमड़े जनसैलाब ने एक बार फिर साबित कर दिया कि राधे यादव सिर्फ एक राजनीतिक चेहरा नहीं, बल्कि जनता के प्रिय जननायक थे।

