मझगांव विधानसभा क्षेत्र — (भाजपा) भारतीय जनता पार्टी की नव निर्वाचित जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता बालमुचू की अध्यक्षता में मझगांव विधानसभा के मंझारी मंडल में आज एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करते हुए “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” और “गीता बालमुचू जिंदाबाद” के नारे बुलंद किए।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के अपने संकल्प के तहत श्रीमती गीता बालमुचू को जिला अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया है। उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा सभी कार्यकर्ता समर्पित भाव से एकजुट होकर पार्टी के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को जिला अध्यक्ष मानते हुए संगठन के कार्यों को पूर्ण करने में योगदान देगा, ऐसा उन्हें पूर्ण विश्वास है।
उन्होंने कहा कि भले ही चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी, जिसका सभी को मलाल है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता निरंतर जनहित के कार्यों में लगे हुए हैं और आगे भी लगे रहेंगे।
उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि संगठन से ऊपर कोई नहीं है। सभी कार्यकर्ता पार्टी के निष्ठावान सिपाही हैं। उन्होंने 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को अपने-अपने बूथों पर सुनने का आह्वान किया।
साथ ही उन्होंने 27 जनवरी को चाईबासा में आयोजित जी-राम-जी जिला सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इस सम्मेलन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही के विचारों को सुनकर उन्हें ग्रामीण जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका में सुधार और रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।
बैठक में पूर्व प्रत्याशी भूषण पाट पिंगूवा, मंडल अध्यक्ष पीतांबर राउत, रामेश्वर सिंकू, सिद्धार्थ गोप, जगेश्वर स्वांय, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरीश चंद्र केसरी, साधुचरण बिरुवा, बंशीधर प्रधान, नारायण हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।








