Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में एक बार फिर राजरानी महतो का वर्चस्व कायम हुआ है। निर्विरोध निर्वाचित होकर लगातार चौथी बार पार्षद की कमान संभालने वाली राजरानी महतो ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत के बाद वार्ड वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
बता दें कि बीते 6 फरवरी को निर्वाचन पदाधिकारी सह गम्हरिया अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार द्वारा उन्हें आधिकारिक तौर पर जीत का प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) सौंपा जा चुका है। उन्होंने क्षेत्र के विकास और स्वच्छता को लेकर अपनी कार्ययोजना स्पष्ट कर दी है।
बोर्ड गठन के बाद कचरा निस्तारण पर रहेगा फोकस
अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए पार्षद राजरानी महतो ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य ‘स्वच्छ आदित्यपुर’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारना है। उन्होंने घोषणा की कि नगर निगम बोर्ड का गठन होते ही पहली बैठक में वर्षों से लंबित कचरा निस्तारण प्लांट की स्थापना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
अधूरे कार्यों को दी जाएगी गति
राजरानी महतो ने कहा, “जनता ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। पिछले कार्यकाल के जो विकास कार्य किन्हीं कारणों से अधूरे रह गए थे, उन्हें इस बार युद्ध स्तर पर पूरा किया जाएगा।” उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं जैसे जल निकासी, सड़क सुदृढ़ीकरण और लाइट की व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।









