आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज होते ही मेयर पद की प्रत्याशी और एम.ए. डिग्री धारक पूर्व वार्ड पार्षद बिनोती हांसदा ने अपना ‘तूफानी’ जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को उन्होंने निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 15, 17, 28 और 31 का दौरा कर मतदाताओं से सीधे संवाद किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।

चुनावी एजेंडा: विकास का ‘वार्ड 14 मॉडल’
बिनोती हांसदा ने अपने चुनाव चिह्न ‘चूड़ी छाप’ (क्रम संख्या 3) के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान वार्ड संख्या 14 में विकास का एक सफल मॉडल स्थापित किया है, उसी तर्ज पर वह अब पूरे आदित्यपुर नगर निगम का कायाकल्प करना चाहती हैं।
उनके चुनावी एजेंडे में प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:
* पेयजल समाधान: क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या ‘पानी’ को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाना।
* बुनियादी ढांचा: साफ-सफाई, नालियों का पुख्ता निर्माण और बिजली की सुचारू व्यवस्था।
* अनुभव का लाभ: पति और पूर्व पार्षद बिरजू राम हांसदा के साथ मिलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कार्ययोजना।
•
जनसमर्थन से उत्साहित प्रत्याशी
अभियान के दौरान बिनोती हांसदा ने दावा किया कि उन्हें जनता का भरपूर स्नेह और समर्थन मिल रहा है। उनके पति और वार्ड 14 के पूर्व पार्षद बरजो राम हांसदा ने भी प्रचार की कमान संभालते हुए कहा कि उनके पास वार्ड स्तर पर काम करने का लंबा अनुभव है, जिसे अब धरातल पर उतारकर पूरे निगम क्षेत्र को आदर्श बनाया जाएगा। अपनी शैक्षणिक योग्यता और पिछले कार्यों के दम पर बिनोती हांसदा अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही हैं।







