West Singhbhum (पश्चिमी सिंहभूम) : सारंडा के घने जंगलों में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED, आईईडी) मिला, जिसे बम निरोधक दस्ते की मदद से सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह बरामदगी जराईकेला थाना क्षेत्र के एदेलबेरड़ा से बाबुडेरा जाने वाली सड़क के किनारे बुधवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई। तलाशी अभियान में शामिल जवानों ने सड़क किनारे संदिग्ध वस्तु देखी, जिसके बाद इलाके को घेर कर बम निरोधक टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने जांच के बाद पुष्टि की कि वह शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण था, जिसे मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि हाल ही में सारंडा के कोलबोंगा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इसी के बाद नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सड़क किनारे आईईडी लगाया था।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सघन तलाशी अभियान जारी है और संदिग्ध स्थानों की लगातार जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान को तेज करने के निर्देश दिए जाने के बाद सारंडा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सर्च ऑपरेशन को और मजबूत किया गया है। साथ ही नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की जा रही है।








