मनीष सिंह गिरफ्तार: जमशेदपुर पुलिस की बड़ी और सख्त कार्रवाई

मनीष सिंह गिरफ्तार

जमशेदपुर: जमशेदपुर में लंबे समय से कारोबारियों के लिए सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी मनीष सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे पारडीह स्थित Golden Leaf Resort से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

जेल से छूटते ही फिर सक्रिय हुआ नेटवर्क

पुलिस सूत्रों के अनुसार मनीष सिंह हाल ही में जेल से बाहर आया था। बाहर आते ही उसने शहर के कई कारोबारियों से रंगदारी मांगनी शुरू कर दी थी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल था। बताया जा रहा है कि उस पर रंगदारी, आर्म्स एक्ट, गोलीबारी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

व्यापारिक संगठनों ने भी अप्रत्यक्ष रूप से प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके मूवमेंट पर नजर रखना शुरू किया।

जुगसलाई थाना की सक्रियता से मिली सफलता

हाल ही में जुगसलाई थाना प्रभारी को निलंबित किए जाने के बाद नए थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने पदभार संभाला। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान चलाया।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पारडीह स्थित रिसॉर्ट में छापेमारी की। घेराबंदी कर मनीष सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश

पुलिस अब मनीष सिंह के आपराधिक नेटवर्क, उसके सहयोगियों और फाइनेंशियल लिंक की जांच में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद किन-किन लोगों से उसका संपर्क था और किन माध्यमों से रंगदारी की मांग की जा रही थी।

इस गिरफ्तारी के बाद शहर के व्यापारी वर्ग ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *