सरायकेला-खरसावाँ: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन (JJM) एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पेयजल और स्वच्छता सीधे तौर पर आम जनमानस के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
गर्मी को लेकर विशेष तैयारी
आगामी ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर उपायुक्त ने जिले में बंद पड़े जलमीनार, नलकूप और चापाकलों को तत्काल प्रभाव से ठीक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “नल-जल योजना” के तहत जो घर अभी भी छूटे हुए हैं, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए। पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर प्रखंड समन्वयकों और कनीय अभियंताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

योजनाओं का हस्तांतरण और जल महोत्सव
उपायुक्त ने पूर्ण हो चुकी योजनाओं को अविलंब ‘ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति’ (VWSC) को हस्तांतरित करने तथा लंबित भुगतानों को क्लियर करने के निर्देश दिए। साथ ही, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय व पेयजल कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में 08 से 22 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले ‘जल महोत्सव पखवाड़ा’ की रूपरेखा भी तैयार की गई, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।








