सरायकेला। सरायकेला की पहचान और विश्व प्रसिद्ध लोक नृत्य को समर्पित ‘राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव सह पर्यटन मेला–2026’ के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सह राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के सचिव अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई।
Saraikela Chaitra Chhau Festival:चैत्र पर्व राजकीय छऊ महोत्सव का भव्य शुभारंभ
परंपरा और सम्मान का संगम
बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी छऊ महोत्सव को अपनी प्राचीन धार्मिक परंपराओं के अक्षुण्ण रखते हुए भव्य रूप दिया जाएगा। एस डी ओ अभिनव प्रकाश ने स्पष्ट किया कि महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों के मान-सम्मान और उनकी भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। पंडित गोपाल कृष्णा होता द्वारा पंचांग के अनुसार निर्धारित पूजा पद्धतियों और तिथियों को बैठक में विधिवत स्वीकृति प्रदान की गई।
महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम
पंचांग के अनुसार, चैत्र पर्व के मुख्य आकर्षणों की रूपरेखा निम्नवत तय की गई है:
* 06 अप्रैल: भैरव पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आगाज़।
* 06 – 08 अप्रैल: विभिन्न शैलियों के ग्रामीण छऊ नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता।
* 11 अप्रैल: राजकीय चैत्र पर्व का भव्य उद्घाटन समारोह।
* 12 अप्रैल: विजेता दलों द्वारा नृत्य प्रस्तुति।
* 13 अप्रैल: समापन समारोह एवं ‘जागरण रात्रि’ (पूरी रात छऊ नृत्य का प्रदर्शन)।
* 14 अप्रैल: पाठ संक्रांति पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन।
बैठक में सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, बीडीओ यस्मिता सिंह, राजपरिवार के सदस्य प्रताप आदित्य सिंहदेव और विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे।








