गुवा: गुवा से मनोहरपुर जाने वाले मार्ग पर नुईया गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित मां वन देवी मंदिर में आगामी 19 मार्च से चैती दुर्गा पूजा की शुरुआत कलश स्थापना के साथ होगी। इसको लेकर मंदिर कमेटी द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मां दुर्गा वन देवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिद्धू ने जानकारी देते हुए बताया कि चैती नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

उन्होंने बताया कि 27 मार्च को नवरात्रि के समापन के अवसर पर नौ कन्याओं का पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी वितरण तथा पुरुषों के बीच गमछा वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। मंदिर कमेटी का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ-साथ समाज सेवा को भी बढ़ावा देना है।
मंदिर कमेटी ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना में भाग लें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं। स्थानीय लोगों के सहयोग से हर वर्ष यहां चैती दुर्गा पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाती है।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिद्धू, उपाध्यक्ष साधु चरण सिद्धू, सरिता सिद्धू, बुधराम होनहांगा, भीम होनहांगा, सोमवारी हेस्सा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।








