चाईबासा: 23 मार्च 2026 को चाईबासा में एआईडीएसओ (ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन) के बैनर तले छात्रों ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति एवं जिला उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान छात्रों ने जिले के सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में व्याप्त शैक्षिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और शीघ्र समाधान की मांग की।
विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी
छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के शुरुआती दौर से ही कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। शिक्षकों और कर्मचारियों की भारी कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति तक अतिथि शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग की।

सुविधाओं के आधुनिकीकरण पर जोर
ज्ञापन में छात्रों ने सभी कॉलेजों में स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके साथ ही पुस्तकालयों और प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण पर जोर देते हुए सिलेबस के अनुरूप नई किताबें और उच्च गति इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। प्रयोगशालाओं में नियमित प्रैक्टिकल कक्षाएं संचालित करने के लिए पर्याप्त उपकरण, बिजली और लैब स्टाफ की व्यवस्था की मांग भी की गई।

एडमिशन प्रणाली और यातायात सुविधा पर मांग
छात्रों ने चांसलर पोर्टल के माध्यम से संचालित ऑनलाइन एडमिशन प्रणाली को समाप्त कर पुनः प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) नामांकन व्यवस्था लागू करने की मांग की। साथ ही, छात्रों के लिए बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।

आंदोलन की चेतावनी
एआईडीएसओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बृहत्तर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री, झारखंड को भी भेजी गई है।
http://चिरगेल सनंग पुस्तक विमोचन: हो भाषा के लिए ऐतिहासिक और गर्वपूर्ण क्षण








