चाईबासा में भालू का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

भालू हमला

चाईबासा: चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली जानवरों का खतरा एक बार फिर सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ा लगिया स्थित पासु बेड़ा गांव में सोमवार शाम एक जंगली भालू ने 35 वर्षीय युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार पासुबेरा गांव निवासी दामु सोमवार को खेत से काम कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि भालू ने उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके दाहिने पैर को बुरी तरह घायल कर दिया।

दामु की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया। हालांकि तब तक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था और काफी खून बह चुका था।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और वन विभाग को दी गई। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को 108 एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार युवक के दाहिने पैर में गहरे जख्म हैं और उसकी स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।

वन विभाग की कार्रवाई शुरू

घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और अकेले जंगल या सुनसान रास्तों पर न जाने की अपील की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे जान का खतरा लगातार बना रहता है। इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द भालू को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *