Latehar (लातेहार) : झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के दो उग्रवादियों को अत्याधुनिक हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से SLR रायफल, AK-47, मैगजीन, जिंदा गोलियां, वायरलेस सेट और मोबाइल फोन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

गृह सचिव और डीजीपी पहुंचे चतरा, अफीम उन्मूलन को लेकर अधिकारियों के साथ की मैराथन बैठक
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि JJMP का उग्रवादी शंकर राम अपने दस्ते के साथ मनिका थाना क्षेत्र के कुरुमखेता जंगल में किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर “स्पेशल ऑपरेशन ड्रैगन-228” चलाया गया। अभियान में मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, छिपादोहर थाना प्रभारी याकिन अंसारी, SAT और जिला बल के जवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने कुरुमखेता जंगल में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को देख नक्सली भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दो उग्रवादियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि शंकर राम समेत अन्य उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र निवासी मनोज लोहरा (26) और लातेहार जिले के सिमरियाटांड निवासी महादेव सिंह (24) के रूप में हुई है। दोनों के पास से SLR रायफल, मैगजीन, गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा जंगल में आगे तलाशी के दौरान झाड़ियों से AK-47 रायफल, मैगजीन, कारतूस, वायरलेस सेट और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।
इस मामले में मनिका थाना कांड संख्या 41/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार उग्रवादियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और उग्रवादियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
http://Jharkhand Naxal News : पूर्व नक्सली की अपहरण के बाद पीट-पीटकर हत्या, सड़क पर फेंका शव







