Adityapur (आदित्यपुर) : लालू विचार केंद्र द्वारा राजद सुप्रीमो, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व सामाजिक न्याय के मसीहा लालू प्रसाद यादव का 79 वां जन्मदिन आगामी 11 जून को प्रातः 11:00 बजे आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 79 पाउंड का केक काटा जाएगा। यह निर्णय होटल राज प्रभा में आयोजित लालू विचार केंद्र की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जिसकी जानकारी केंद्र के संयोजक सह राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव पुरेंद्र नारायण सिंह ने दी।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव ने की तथा संचालन युवा राजद जिला अध्यक्ष उदित यादव ने किया।
बैठक में बिहार सरकार द्वारा लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी की सुरक्षा में की गई कटौती की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे वापस लेने की मांग की गई। पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के उद्योग, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री श्री संजय प्रसाद यादव उपस्थित रहेंगे.
इस भव्य समारोह के दौरान लालू यादव के जीवनी पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, साल भर उनकी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने वाले 5 सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध भोजपुरी युवा गायक श्री राजेश रसिक यादव की संगीतमय प्रस्तुति होगी। इसके अतिरिक्त, लालू विचार केंद्र ने आबादी के आधार पर सरकारी व निजी क्षेत्रों में तथा विधायी निकायों (OBC Reservation) में आरक्षण की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का संकल्प लिया। साथ ही झारखंड के उद्योगों में 75% स्थानीय नियोजन नीति को कड़ाई से लागू करने की मांग की गई।
बैठक में उपस्थित प्रमुख गन्यमान्य:
इस महत्वपूर्ण बैठक में पुरेंद्र नारायण सिंह, सिद्धनाथ सिंह यादव, उदित यादव के अलावा राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सकला मारडी, पूर्व प्रदेश सचिव देव प्रकाश, समाजसेवी सत्येंद्र प्रभात, युवा राजद नगर अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह, संतोष यादव, विनोद कुमार सिंह, प्रमोद गुप्ता, प्रभास कुमार झा, विमल दास, विवेक दुबे और सोनू पासवान मुख्य रूप से उपस्थित थे।








