किरीबुरू/मेघाहातुबुरु। शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता की मिसाल बने केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के 50 वर्ष पूरे होने पर विद्यालय परिवार द्वारा 15 एवं 16 दिसंबर को दो दिवसीय स्वर्ण जयंती (Golden Jubilee) समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। विद्यालय परिसर एवं ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में वर्तमान छात्र-छात्राओं, पूर्ववर्ती विद्यार्थियों (एलुमनाई), शिक्षकों तथा अभिभावकों की सहभागिता देखने को मिलेगी।
Meghahatuburu Eco Tourism: सारंडा का मेघाहातूबुरू बनेगा बड़ा ईको-टूरिज्म हब, सरकार ने शुरू की तैयारी
वर्ष 1974 में स्थापित केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु ने पांच दशकों के दौरान हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिक तैयार किए हैं। विद्यालय ने न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों में बल्कि खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, एलुमनाई मीट, सम्मान समारोह, प्रेरणादायी व्याख्यान एवं पुरस्कार वितरण जैसे अनेक आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह का उद्देश्य विद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों को याद करना, पूर्व छात्रों को एक मंच पर लाना तथा नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि 50 वर्षों की उपलब्धियों, संघर्षों और सफलताओं का उत्सव है। इस अवसर पर विद्यालय की विकास यात्रा, उल्लेखनीय उपलब्धियों और पूर्व छात्रों के योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने सभी पूर्व छात्रों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होकर इसे यादगार बनाने की अपील की है।









