Jamshedpur Crime : जमशेदपुर में चेन स्नैचर का हाफ एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

Jamshedpur (जमशेदपुर) | शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल अपराधी की पहचान हरपाल उर्फ गबरू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

बरामद हथियार
बरामद हथियार

जेवर चमकाने के बहाने ठगी गुवा: सोने की चेन लेकर फरार हुए ठग, इलाके में दहशत

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम टेल्को स्थित घड़ी पार्क (मनीष पार्क) में टहल रही बिरसानगर जोन नंबर-9 निवासी 55 वर्षीय बसंती देवी से पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और विभिन्न थाना क्षेत्रों की टीमों ने घेराबंदी शुरू कर दी।

 

पुलिस ने महज 40 मिनट के भीतर सिदगोड़ा रोड नंबर-28 के पास दोनों अपराधियों को चारों ओर से घेर लिया। पीछा करने के दौरान पुलिस की जीप द्वारा ओवरटेक किए जाने पर अपराधियों की पल्सर बाइक असंतुलित होकर नाली में जा गिरी। बाइक के नीचे दब जाने से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मनप्रीत सिंह उर्फ रिशू पुलिस पर दो राउंड फायरिंग करते हुए भाग निकला।

 

हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा जारी रखा और उसे जैप-6 कैंपस के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

 

मामले में देर रात उस समय नया मोड़ आ गया जब पुलिस गिरफ्तार आरोपी हरपाल उर्फ गबरू को लेकर हथियार बरामद करने सिदगोड़ा टाउन हॉल के पास पहुंची। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2:30 बजे आरोपी ने मौका पाकर एएसआई सुशांत सुंडी की सर्विस पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली हरपाल के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपनी हिरासत में ले लिया।

 

सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि शहर में चेन स्नैचिंग और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

http://Adityapur snatching: सरेआम महिला से चेन छिनतई, पुलिस जुटी जाँच में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *