आदित्यपुर। झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (जियाडा) के आदित्यपुर क्षेत्रीय कार्यालय में प्रोजेक्ट क्लीयरेंस कमेटी (पीसीसी) की अहम बैठक क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कोल्हान प्रमंडल में औद्योगिक विकास को गति देना, उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करना और लंबित परियोजनाओं की बाधाओं को दूर करना था।
बैठक के दौरान कुल 14 मामलों की गहन समीक्षा की गई। इनमें से एक मामले को छोड़कर शेष सभी 12 सक्रिय प्रस्तावों पर बिंदुवार विचार-विमर्श के बाद सहमति जताते हुए अंतिम निर्णय लिया गया। स्वीकृत प्रस्तावों में मुख्य रूप से लीज होल्ड राइट ट्रांसफर, नए व पुराने प्रोजेक्ट्स के अनुमोदन तथा मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के कार्य विस्तार से जुड़े विषय शामिल रहे।
पारदर्शी प्रक्रिया और समयबद्ध मंजूरी पर जोर
क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन ने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों को सुगम, पारदर्शी और नियमसम्मत बनाना प्राधिकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए उद्यमियों को सभी प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृतियां समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में जियाडा के क्षेत्रीय उपनिदेशक दिनेश रंजन, अपर उपायुक्त (एडीसी) जयवर्धन कुमार, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह तथा विद्युत आपूर्ति विभाग के कार्यपालक अभियंता संदीप कुमार उपस्थित रहे।









