चाईबासा में चोरी की घटनाओं पर कांग्रेस प्रवक्ता ने जताई चिंता, पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग

चाईबासा में चोरी

चाईबासा। शहर और आसपास के इलाकों में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर आम लोगों और व्यापारियों में चिंता बढ़ रही है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी से रात्रिकालीन पुलिस गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।

त्रिशानु राय के अनुसार, रविवार अहले सुबह करीब साढ़े चार बजे कांग्रेस भवन, चाईबासा के समीप स्थित मुरारका इलेक्ट्रिक दुकान के बाहर लगी सीएफएल लाइट चोरी कर ली गई। उन्होंने कहा कि भले ही चोरी की गई वस्तु छोटी हो, लेकिन इस तरह की घटनाएं शहर में रात्रिकालीन सुरक्षा और पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने कहा कि यदि छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से नहीं लिया गया तो चोरी करने वाले तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है और आने वाले दिनों में बड़ी वारदातों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस प्रवक्ता ने पुलिस प्रशासन से शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।

त्रिशानु राय ने कहा कि चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी एवं सतत निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाएगा और शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *