बड़ाजामदा में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, 6 चोरी की मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद

बड़ाजामदा में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़

चाईबासा/बड़ाजामदा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने बड़ाजामदा क्षेत्र में सक्रिय एक अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की हैं। मामले में तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को 20 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध मोटरसाइकिल चोर चोरी के वाहन बेचने और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

हाटगम्हरिया में बाइक चोरी का 24 घंटे में खुलासा: आरोपी गिरफ्तार, स्प्लेंडर बाइक बरामद”

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ाजामदा क्षेत्र के टोकसाई स्थित दयाल कुमार नागा के घर, नोवामुंडी निवासी संदीप पिंगुवा के घर तथा बड़ाजामदा के लाल बिल्डिंग इलाके में कार्रवाई की। इस दौरान चोरी की छह मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन किशोरों को निरुद्ध किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों का उपयोग कर छिनतई, चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का संचालन दयाल कुमार नागा और संदीप पिंगुवा कर रहे थे। दोनों पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

इस संबंध में बड़ाजामदा थाना कांड संख्या 20/2026, दिनांक 20 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

दयाल कुमार नागा उर्फ मंगल (20 वर्ष), ग्राम बड़ाजामदा (टोकसाई), थाना टाटा/बड़ाजामदा, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
संदीप पिंगुवा उर्फ छोटी उर्फ निताली (25 वर्ष), ग्राम नोवामुंडी, जिला पश्चिमी सिंहभूम।
बांबी दास (19 वर्ष), ग्राम बड़ाजामदा (भट्टीसाई), थाना गुवा (बड़ाजामदा), जिला पश्चिमी सिंहभूम।

बरामद वाहन

5 हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
1 हीरो होंडा मोटरसाइकिल
1 होंडा लिवो मोटरसाइकिल
1 होंडा एक्टिवा स्कूटी

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरु के नेतृत्व में गठित टीम में बड़ाजामदा ओपी प्रभारी, किरीबुरु थाना प्रभारी, नोवामुंडी थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी और छिनतई की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

http://Saraikela Police Big Success: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 70 मोटरसाइकिल बरामद, चार गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *