Jamshedpur Crime News : तड़ीपार अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काना गिरफ्तार, बागबेड़ा थाना पुलिस की कार्रवाई

तड़ीपार अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काना गिरफ्तार

जमशेदपुर/बागबेड़ा: बागबेड़ा थाना पुलिस ने तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में कुख्यात अपराधी दीपक तिवारी उर्फ काना को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 के तहत कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 की रात करीब 10:10 बजे सूचना मिली कि दीपक तिवारी उर्फ काना बागबेड़ा थाना क्षेत्र में मौजूद है। जांच में पाया गया कि उसे जिला बदर (तड़ीपार) किया गया था और 18 अप्रैल 2026 से 17 जुलाई 2026 तक पूर्वी सिंहभूम जिले की सीमा में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।

पुलिस ने बताया कि तड़ीपार अवधि के दौरान भी आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज किए गए थे। इनमें मारपीट, जानलेवा हमला एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी दीपक तिवारी उर्फ काना, रामनगर स्थित शिव मंदिर के समीप का निवासी बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ बागबेड़ा थाना में कई आपराधिक कांड दर्ज किए जा चुके हैं।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार, सुनील कुमार यादव तथा सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तड़ीपार अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *