आदित्यपुर: आदित्यपुर अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। मर्सिडीज़-बेंज़ शोरूम के समीप करीब 11 बजे दो तीव्र गति बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि लाल रंग की बाइक पर सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक अपना वाहन स्थल पर ही छोड़कर फरार होने में सफल रहा।

चांडिल सड़क हादसा: बस और मालवाहक वाहन की टक्कर में कई यात्री घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि सुनते ही आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को अविलंब एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है। दुर्घटना के बाद टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ था, जिसे पुलिस ने सूझबूझ से जल्द ही सामान्य करा दिया।
मृतक की पहचान देवाशीष साहू के रूप में की गई है जो मूल रूप से उड़ीसा नयागढ़ का रहने वाला है। मृतक आदित्यपुर नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में नर्सिंग का छात्र था।







