जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की उपस्थिति में आयोजित हुई, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान विभिन्न थानों में लंबित कांडों, छिनतई, गृहभेदन, वारंट एवं कुर्की से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

गोष्ठी में पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा स्थानीय शांति समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पुलिस कार्यों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए CCTNS, ITSSO, iRAD, ICJS एवं e-Sakshya जैसी डिजिटल प्रणालियों के प्रभावी उपयोग और उनमें अद्यतन प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार तथा लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन के लिए सतत, प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं सक्रिय पुलिसिंग पर विशेष बल दिया।








