आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बुधवार को अटल पार्क में आयोजित एक भव्य परिचय समारोह में शहर के विकास को लेकर अपना विजन साझा किया। इस औपचारिक मुलाकात कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अमित कुमार अभिनंदन, मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, कार्यपालक अभियंता पंकज झा, सहायक नगर आयुक्त विपुल सन्नी समेत निगम के तमाम पदाधिकारी, कर्मी और नव-निर्वाचित वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।

Adityapur News: आदित्यपुर नगर निगम: नए नगर आयुक्त एजाज अनवर ने मैराथन बैठक कर दिए निर्देश

समारोह को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की बुनियादी सुविधाओं—विशेषकर साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी जनसमस्याओं का निवारण एक तय समय-सीमा और चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
शहर के पेयजल संकट को दूर करने के लिए उन्होंने बताया कि 30 MLD जलापूर्ति योजना का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में इसकी टेस्टिंग जारी है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। वहीं, धीमी गति से चल रहे 60 MLD प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए उन्होंने आगामी शनिवार को संबंधित एजेंसी के एमडी के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है, ताकि इसकी सटीक टाइमलाइन तय की जा सके।
नगर आयुक्त ने पूरी टीम को प्रेरित करते हुए कहा कि व्यवस्थित तरीके और साफ नीयत से काम करने पर हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने सभी पार्षदों और निगम कर्मियों से पूर्ण सहयोग की अपील की।








