सरायकेला-खरसावां। आरआईटी थाना क्षेत्र में दुकान में घुसकर रंगदारी मांगने और विरोध करने पर दुकानदार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त धारदार लोहे का चापड़ भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
दुकान में घुसकर मांगी थी रंगदारी
आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि रोड नंबर-12 निवासी प्रेम चन्द्र वर्मा (40) के लिखित आवेदन के आधार पर आरआईटी थाना में कांड संख्या 22/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बदमाश दुकान में घुसकर रंगदारी की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, चापड़ बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मिश्रा उर्फ अपराधी (पिता- ललितेश मिश्रा, रोड नंबर-15, आरआईटी) तथा आदित्य कश्यप (पिता- जय प्रकाश कश्यप, रोड नंबर-23, आरआईटी) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार लोहे का चापड़ भी बरामद कर लिया।
मुख्य आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 307/24 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।
छापेमारी टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर संजीत कुमार, विमलेश कुमार महतो, विक्रम कुमार, रामजतन प्रसाद, आरक्षी उमाशंकर सिंह, विकास चन्द्र पाण्डेय तथा आरआईटी थाना के रिजर्व गार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराध और रंगदारी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।








