आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के बहुचर्चित हिमांशु कुमार सिंह हत्याकांड के बाद उत्पन्न जनाक्रोश और तनाव के बीच जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। राज्य सरकार के निर्देश पर सरायकेला के उपायुक्त (डीसी) नीतीश कुमार सिंह और कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी मांगों को सुना तथा निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पीड़ित परिवार ने सौंपा मांग पत्र
मुलाकात के दौरान परिजनों ने उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें घटना के समय पीसीआर वैन में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने, सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा मृतक हिमांशु कुमार सिंह की पत्नी रिचा कुमारी को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
10 लोगों पर एफआईआर, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
वार्ता के बाद मीडिया से बातचीत में कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा ने बताया कि मामले में अब तक 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मृतक की पत्नी को मिला रोजगार का ऑफर
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवार की मांगों को गंभीरता से ले रहा है। मृतक की पत्नी रिचा कुमारी को तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार का ऑफर लेटर सौंप दिया गया है। साथ ही उनकी योग्यता के अनुरूप स्थायी सरकारी नौकरी के लिए आवश्यक अनुशंसा भी आगे बढ़ाई जा रही है।
आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए परिजन
प्रशासन की सकारात्मक पहल और अधिकारियों के आश्वासन के बाद पीड़ित परिवार ने अपना विरोध समाप्त करते हुए अंतिम संस्कार के लिए सहमति दे दी। परिजन एमजीएम अस्पताल से शव प्राप्त कर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।








