सरायकेला: जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सबसे पहले आदित्यपुर थाना का औचक निरीक्षण किया।
थाना निरीक्षण के मौके पर नए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। आम जनता की सुरक्षा और उनका पुलिस पर भरोसा बहाल करना सबसे पहला काम है।
उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हाल ही में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्ष और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने राज्य सरकार पर तीखे सवाल उठाए थे। जनाक्रोश और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर वर्तमान एसपी निधि द्विवेदी को उनके पद से हटा दिया गया। उनके स्थान पर तेजतर्रार अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को जिले की कमान सौंपी गई है।








