जमशेदपुर: जमशेदपुर में बिस्टुपुर के ‘डबल डाउन’ इलाके में हुई चाकूबाजी की घटना में युवक हिमांशु की मौत के बाद पूरे जमशेदपुर और आदित्यपुर में स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई है। घटना से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के तत्काल एनकाउंटर की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए।

पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब यह वारदात हुई, तब पुलिस मौके पर ही मौजूद थी। उनका दावा है कि हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी से खींचकर हिमांशु पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कस्टडी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे नागरिकों का आक्रोश और बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
तनाव के बीच राजनेताओं का हिमांशु के आदित्यपुर स्थित आवास पर पहुंचना जारी है। झामुमो नेता कुणाल सारंगी और आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढाढस बंधाया। इस दौरान कुणाल सारंगी ने झारखंड के डीजीपी से फोन पर परिजनों की सीधी बात कराई। डीजीपी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।








