आदित्यपुर: हुल दिवस के पावन अवसर पर मंगलवार को मिरुडीह में एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ ऐतिहासिक हुल विद्रोह का नेतृत्व करने वाले वीर सिद्धू-कानू तथा वीरांगनाएं फूलो-झानो को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।

मीडिया से बातचीत में मेयर संजय सरदार ने कहा कि हुल दिवस आदिवासी समाज के शौर्य, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आज हुल दिवस के अवसर पर मैं हमारे आदिवासी और अनुसूचित जनजाति समाज के वीर स्वतंत्रता सेनानियों वीर सिद्धू-कानू और वीर फूलो-झानो को हृदय से शत-शत नमन करता हूँ। करीब पौने दो सौ वर्ष पहले ब्रिटिश सरकार के दमनकारी शासन के खिलाफ भोगनाडीह से शुरू हुआ यह आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण अध्यायों में से एक है।”
उन्होंने कहा कि हुल आंदोलन हमें अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ समाज और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। हमारे पूर्वजों ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे सदैव स्मरण रखा जाएगा। उन्होंने समस्त आदिवासी समाज को हुल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई भी दी।
कार्यक्रम में भाजपा नेता बास्को बेसरा, किशन प्रधान सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







