जमशेदपुर में डीडी बार चाकूबाजी कांड: घायल हिमांशु सिंह की मौत, हत्या की धारा जुड़ी; सड़क जाम कर प्रदर्शन

जमशेदपुर डीडी बार चाकूबाजी

जमशेदपुर :  जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना ने अब हत्या का रूप ले लिया है। घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। वहीं, दूसरे घायल प्रत्युष सिंह का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

हिमांशु सिंह टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी और टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी सदस्य अरविंद सिंह के पुत्र थे। वह आदित्यपुर के हरिओम नगर के रहने वाले थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार करीब दस महीने पहले ही उनका विवाह हुआ था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चाईबासा में सनसनी: शराब के नशे में चाचा ने बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात डीडी बार के बाहर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और हमलावरों ने धारदार हथियार से हिमांशु सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रत्युष सिंह भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।

हिमांशु की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और करणी सेना के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, जिससे हमलावर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।

पुलिस ने अब तक इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि प्राथमिकी में कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिमांशु सिंह की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही, पुलिस पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Saraikela: डेम से मिले युवक के शव मामले में नया मोड़, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *