Adityapur (आदित्यपुर) : झारखंड में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसलों के खिलाफ मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी आदित्यपुर स्थित मृतक हिमांशु सिंह के घर पहुंचे। नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रूप से विधायक भानु प्रताप शाही और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पेट्रोलिंग गाड़ी में घुसकर भी नहीं बची जान, पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर बेहद गंभीर आरोप लगाए, राज्य की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करते हुए कहा कि जमशेदपुर के नाक के नीचे, पुलिस की मौजूदगी में दो युवाओं पर अपराधियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। साहू ने कहा, “जान बचाने के लिए पीड़ित युवा पुलिस की जिप्सी में भी घुसे, लेकिन अपराधियों ने पुलिस के सामने ही उन्हें बाहर घसीटकर काटा। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। ऐसा लगता है कि राज्य में कानून का नहीं, बल्कि अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है, जिसे पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।”
दोषी पुलिसकर्मियों पर दर्ज हो 302 का मुकदमा, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेताओं ने सरकार से मांग की है कि घटना के वक्त मौके पर तैनात लापरवाह पुलिसकर्मियों पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें तुरंत जेल भेजा जाए। नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बावरी और भानु प्रताप शाही ने भी तल्ख लहजे में कहा कि सरकार इस पूरे मामले की लीपापोती करने और केस को मोड़ने (डायवर्ट करने) का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा सफल नहीं होने देगी।
भाजपा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस हत्याकांड के खिलाफ पहले जमशेदपुर बंद किया गया है और यदि पीड़ित परिवार को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला, तो पार्टी पूरे झारखंड को ठप और बंद करने का काम करेगी। इस विषय को लेकर भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से भी मुलाकात करेगा।







