चाईबासा। भगवान और भक्त के दिव्य मिलन का प्रतीक महाप्रभु श्री जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह है। रथ यात्रा से पूर्व बुधवार को महाप्रभु श्री जगन्नाथ ने श्री मंदिर के सिंहासन पर भक्तों को नवयौवन दर्शन दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार महाप्रभु श्री जगन्नाथ के सभी धार्मिक संस्कार कलियुग के प्रभाव को कम करने वाले माने जाते हैं। नवयौवन दर्शन के अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान के दर्शन किए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया।
हरिभंजा में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा सउल्लास संपन्न, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा पहुंचे रथ खींचने

श्री मंदिर के पुजारी पंडित संजय मिश्रा एवं अन्य विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रों के साथ नवयौवन दर्शन की पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
गुरुवार को निकलेगी भव्य रथ यात्रा
गुरुवार को महाप्रभु श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ सदर बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर से भव्य रथ यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। महाप्रभु अपने नंदीघोष रथ पर सवार होकर दुर्गा मंदिर स्थित मौसीबाड़ी पहुंचेंगे, जहां विशेष पूजा-अर्चना, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
धार्मिक परंपरा के अनुसार महाप्रभु मौसीबाड़ी में आठ दिनों तक प्रवास करेंगे। रथ यात्रा को लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, पूजा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि इस वर्ष भी रथ यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
http://नेत्रोत्सव के साथ ही शुरू हुई श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभू की रथयात्रा महोत्सव








