Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल, चाईबासा में ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर एक ग्रामीण से ₹4700 की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह घटना 25 जुलाई 2026 की है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी 26 जुलाई 2026 को हुई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, देवांव गांव निवासी बुगराम गोप अपनी पत्नी ललिता गोप के इलाज के लिए 25 जुलाई को सदर अस्पताल, चाईबासा आए थे। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें खून की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद वह अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक पहुंचे, लेकिन वहां तत्काल रक्त उपलब्ध नहीं था।
इसी दौरान एक युवक ने खुद को मददगार बताते हुए जल्द ब्लड उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उसके झांसे में आकर बुगराम गोप ने उसे ₹4700 दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।
अगले दिन 26 जुलाई को जब बुगराम गोप दोबारा ब्लड बैंक पहुंचे, तो उनकी नजर उसी युवक पर पड़ी। उन्होंने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय सोलंकी (27 वर्ष) के रूप में हुई। वह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गुड़साई स्थित सेमसन देवगम के मकान में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 304 के तहत दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस की अपील
चाईबासा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अस्पताल या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनजान व्यक्तियों के झांसे में न आएं। यदि कोई ब्लड या अन्य सेवा दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी 112 या 9508243546 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।








