Gamharia (गम्हरिया) : मजदूरों के अधिकारों और सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सोमवार को सड़क पर उतर आया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने गम्हरिया स्थित विजय श्री ऑटो लिमिटेड कंपनी के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मजदूरों की आवाज बुलंद की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रम विभाग की पहल पर कंपनी परिसर में एक त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रबंधन, मजदूर प्रतिनिधि, झामुमो नेता और इसरो संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
वार्ता में शामिल इंडस्ट्रियल स्टेबिलिटी रिफॉर्म आर्गेनाइजेशन (इसरो) के अध्यक्ष रूपेश कतरियार ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों को सुनने के बाद सकारात्मक माहौल में सहमति बन गई है और औद्योगिक शांति बहाल रखते हुए मामला सुलझा लिया गया है।
वहीं झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली ने पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि लंबे समय से मजदूरों को उनका उचित हक और न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल पा रही थी। वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन न्यूनतम मजदूरी दर लागू करने पर सहमत हो गया है। वार्ता में श्रम विभाग से लेबर इंस्पेक्टर रूबी कुमारी मौजूद रहीं। इसके अलावा कंपनी प्रबंधन व इसरो संगठन की ओर से विकास गर्ग, गौतम महापात्रा एवं राजीव शुक्ला मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मजदूरों के हक के लिए जारी रहेगा संघर्ष: भोमरा मांझी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे झामुमो के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी आगे भी उनके हक के लिए संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, गणेश चौधरी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भुगलु सोरेन, नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, सचिव कृष्णा महतो, युवा मोर्चा सचिव बबलू प्रधान, नगर उपाध्यक्ष शंकर मुखी और प्रखंड सचिव मंगल माझी, सन्नी सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।








