राजनगर (सरायकेला-खरसावां): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला सरायकेला-खरसावां कार्य समिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजनगर के बाघराईसाईं में संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना, आगामी जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना और दलीय अनुशासन को बनाए रखना रहा।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड सरकार के भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरवा ने कहा कि पार्टी जिला स्तर पर संगठन को और अधिक धारदार बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आगामी दिनों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन की स्मृति में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रोफेसर केपी सोरेन ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
वरिष्ठ झामुमो नेता प्रोफेसर केपी सोरेन ने अपने संबोधन को विस्तार देते हुए कहा कि पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही ऐसे संगठनात्मक और ऊर्जावान आयोजनों में शामिल होना उनके लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा इस प्रकार की बैठकों से न केवल कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि वे पुनरोर्जावान होकर जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए नए संकल्प के साथ मैदान में उतरते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी की असली रीढ़ हैं और जब वे अनुशासित होकर क्षेत्र में कार्य करेंगे, तो संगठन को एक नई ऊँचाई मिलेगी।”

अनुशासनहीनता पर सख्त रुख
जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो ने स्पष्ट किया कि संगठन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों को एक माह के भीतर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही, सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी बयानबाजी करने वालों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई और लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के पद तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
आगामी कार्यक्रम
बैठक में निर्णय लिया गया कि:
* 4 अगस्त: दिशोम गुरु शिबू सोरेन से जुड़ा विशेष कार्यक्रम।
* 8 अगस्त: शहीद निर्मल महतो शहादत दिवस।
* 15 अगस्त: पूर्व मंत्री रामदास सोरेन की पुण्यतिथि पर सभी प्रखंड कार्यालयों में श्रद्धांजलि सभा।
बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, गणेश चौधरी, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी और युवा मोर्चा अध्यक्ष भुगलु सोरेन समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे








