जमशेदपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने वरीय पुलिस अधिकारियों एवं यातायात पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख जाम वाले क्षेत्रों, दुर्घटना संभावित स्थलों तथा यातायात नियमों के अनुपालन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शहर के प्रमुख जाम वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की प्रभावी तैनाती के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। पीक आवर में यातायात का संचालन सुचारु रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों को खतरनाक ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर और अवैध डार्क फिल्म के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सड़क पर अनधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
इसके अलावा नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक प्रिवेंटिव मेजर्स, ट्रैफिक साइन बोर्ड और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यातायात उल्लंघनों की निगरानी के लिए CCTV, ट्रैफिक लाइट और अन्य तकनीकी माध्यमों का अधिक प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर वास्तविक समय में यातायात की स्थिति पर नजर रखें। यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक दीर्घकालिक उपाय करने पर भी जोर दिया गया।
जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और नागरिक-केंद्रित बनाना है, ताकि आम लोगों को अनावश्यक जाम और यातायात संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।








