आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2B-33 स्थित ‘ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के परिसर में गुरुवार दोपहर तकरीबन 12:30 बजे काम के दौरान अचानक एक गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात 5 मजदूर झुलस गए, जिनमें से एक श्रमिक बुरी तरह झुलसने के कारण गंभीर रूप से घायल हुआ है।

घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में सहकर्मियों की मदद से सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि अन्य चार का उपचार जारी है।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत कंपनी परिसर पहुँची। पुलिस वर्तमान में घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर कंपनी प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि जारी नहीं की गई है।







