Adityapur: सिद्धदाता साईं मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ 18वाँ गुरु पूर्णिमा उत्सव, देर रात तक झूमे श्रद्धालु

सिद्धदाता साईं मंदिर

आदित्यपुर: आदित्यपुर के टाटा-कांड्रा मेन रोड स्थित सिद्धदाता साईं मंदिर में 18वाँ विशाल गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साईं भक्तों और श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और भक्तों की भीड़ दर्शन एवं पूजा के लिए उमड़ती रही।

मुख्य आयोजक अतुल छाबरा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:00 बजे विशेष पूजा-अर्चना, गुरु पूजन और महाआरती के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

भजन संध्या में भक्तिमय प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उत्सव का मुख्य आकर्षण संध्याकालीन भजन संध्या रही। टाटानगर के प्रसिद्ध भजन गायक मनोज पारीक एंड ग्रुप ने साईं बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भावपूर्ण एवं संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे और साईं बाबा के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

सभी श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों का जताया आभार

कार्यक्रम के सफल समापन पर मुख्य आयोजक अतुल छाबरा ने सभी साईं भक्तों, श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं मंदिर के स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण के कारण गुरु पूर्णिमा उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का भी संदेश देता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *