गुवा। पश्चिमी सिंहभूम के गुवा रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन के पैनल रूम में एक विशाल अजगर घुस आया। ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों की नजर जैसे ही सांप पर पड़ी, पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि कर्मचारियों ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए स्थिति को सुरक्षित तरीके से संभाल लिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे पैनल रूम में अजगर दिखाई दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने काफी सावधानी बरतते हुए उसे बाहर निकाला और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए एक बड़े टीन के डब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। इसके बाद तुरंत गुवा वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
गुवा सेल महिला समिति अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम: महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच

सूचना मिलते ही रविवार सुबह वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अजगर को अपने कब्जे में लिया और सफलतापूर्वक रेस्क्यू अभियान पूरा किया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अजगर विषैला नहीं था, लेकिन उसका आकार बड़ा होने के कारण कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर को सारंडा के घने जंगल में प्राकृतिक वातावरण के बीच सुरक्षित छोड़ दिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित हादसा टल गया।
वन्यजीव विशेषज्ञों ने बरसात के मौसम में लोगों से अपील की है कि यदि किसी रिहायशी क्षेत्र, कार्यालय या सार्वजनिक स्थल पर सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उनका रेस्क्यू किया जा सके।
http://गुआ रेलवे साइडिंग में लगातार दूसरी बार मालगाड़ी बेपटरी, मजदूर संगठन ने सीबीआई जांच की मांग की







