जगन्नाथपुर। इंटर कॉलेज जगन्नाथपुर परिसर में विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन तथा आगामी 8 सितंबर को गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की तैयारियों को लेकर आदिवासी हो समाज महासभा एवं आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से छात्रों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने छात्रों को विश्व आदिवासी दिवस के महत्व, आदिवासी समाज के अधिकारों, भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही गुवा गोलीकांड के ऐतिहासिक महत्व और शहीदों के योगदान से भी छात्रों को अवगत कराया गया।
आदिवासी हो समाज महासभा के केंद्रीय महासचिव सोमा कोड़ा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों में भी विश्व आदिवासी दिवस मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आदिवासी समाज के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भाषा-संस्कृति का संरक्षण करना तथा युवाओं को समाज के विकास से जोड़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
बैठक के दौरान आदिवासी हो समाज महासभा एवं आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से 8 सितंबर को प्रखंड एवं अनुमंडल समिति के नेतृत्व में गुवा जाकर गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह भी किया गया। इस प्रस्ताव का छात्रों ने समर्थन करते हुए विश्व आदिवासी दिवस एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लेने की सहमति जताई।
बैठक में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम, प्रदेश कोषाध्यक्ष शंकर सिधु, अनुमंडल उपाध्यक्ष पुतकर लागुरी, कानुराम हेस्सा, जामदार गागराई, योगेश्वर लागुरी, कुशनु केराई, तुरी सिंकू, रामसिंह बाहंदा, अंजानी कायम, मंगलसिंह हेस्सा, पूजा हेस्सा, लाको तियु, किरण सिंकू, मोहिनी सिंकू, दिलीप कुमार गोप, अजय तामसोय, लादूरा सिंकू, संजय हेस्सा सहित अनेक पदाधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
http://विश्व आदिवासी दिवस आयोजन समिति के मुख्य संयोजक मुकेश और इपिल बने सचिव








