Adityapur: प्रवीण सेवा संस्थान के 6 वे रक्तदान शिविर में 1078 यूनिट रक्त संग्रह, रक्तदाताओ का डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने जताया आभार, हौसला बढ़ाने पहुंचे प्रो. कालीपद सोरेन, कहा— ‘रक्तदान ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा’

प्रवीण सेवा संस्थान

आदित्यपुर: सामाजिक संस्था ‘प्रवीण सेवा संस्थान’ की ओर से आयोजित 6 वे रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया, जिसका नतीजा रहा कि रक्तदान शिविर में कुल 1078 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ। इस महान उपलब्धि पर स्वर्गीय प्रवीण सिंह के पुत्र एवं आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार जताया।

इस मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता एवं प्रमुख शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने संस्थान के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय प्रवीण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद उन्होंने शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

प्रवीण सेवा संस्थान
​इस अवसर पर प्रो. सोरेन ने संस्था के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में ऐसी संस्थाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने जोर देकर कहा, “रक्त का कोई भी कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। किसी गंभीर मरीज के लिए समय पर मिला एक यूनिट रक्त नया जीवन दे सकता है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान से बढ़कर मानवता की कोई सेवा नहीं हो सकती।”

प्रवीण सेवा संस्थान
​उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों की वास्तविक सार्थकता तभी है जब अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरित होकर नियमित रक्तदाता बनें। रक्तदाताओं को समाज का ‘असली नायक’ बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका यह निस्वार्थ योगदान अनगिनत जानें बचाता है।

​स्व. प्रवीण सिंह को याद करते हुए प्रो. सोरेन ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा में समर्पित कर दिया था। उनके विचारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया तथा संस्था के पदाधिकारियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *