सरायकेला: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के बीटेक चौथे वर्ष (मेटालर्जी विभाग) के छात्र ताबीर की रविवार शाम असंगी चेक डैम में डूबने से दुर्घटना हो गई। घटना रविवार शाम लगभग 4:00 बजे की बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही संस्थान के छात्र बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस दुखद घटना से उग्र हुए एनआईटी के सैकड़ों छात्रों ने संस्थान के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलनरत छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
छात्रों का कहना है कि असंगी चेक डैम एक संवेदनशील और खतरनाक स्थल बन चुका है, फिर भी प्रबंधन द्वारा वहां छात्रों की आवाजाही रोकने या चेतावनी बोर्ड लगाने के कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। छात्रों के अनुसार, बीते चार महीनों के भीतर इस स्थल पर डूबने से चार अन्य युवकों की भी जान जा चुकी है, लेकिन लगातार होती मौतों के बावजूद सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के साथ-साथ खोज व बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, देर रात तक इस पूरे प्रकरण पर एनआईटी प्रबंधन या संस्थान के प्रवक्ता की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।








