Adityapur: आदित्यपुर ने खो दिया अपना संवेदनशील कवि और समाजसेवी, बैकुंठ चौधरी नहीं रहे,TMH जमशेदपुर में लिया अंतिम सांस

आदित्यपुर समाचार

आदित्यपुर : आदित्यपुर कॉलोनी (वार्ड संख्या–32) के वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिक, जाने-माने कवि व समाजसेवी श्री बैकुंठ चौधरी (84 वर्ष) का सोमवार दोपहर लगभग 1:00 बजे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), जमशेदपुर में निधन हो गया। उनके भगिना सह भाजपा नेता निरंजन मिश्रा ने यह दुखद जानकारी दी। इस समाचार से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

​मूल रूप से तिलकपुर, भागलपुर (बिहार) के निवासी बैकुंठ चौधरी ने वर्षों तक आदित्यपुर को अपनी कर्मभूमि बनाया। वे अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के लिए जाने जाते थे। सामाजिक व सांस्कृतिक विषयों पर गहरी पकड़ रखने वाले श्री चौधरी किसी भी जनसरोकार पर सहज ही प्रभावशाली कविता रचकर लोगों को जागरूक करते थे। वे अपने पीछे दो पुत्रों और दो पुत्रियों सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

पार्वती घाट पर आयोजित अंतिम यात्रा में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। आदित्यपुर के ‘वृद्ध शांति निकेतन’ से भी अनेक बुजुर्गों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

​उनकी अंतिम यात्रा में कांग्रेस नेता सुरेश धारी, पुरेंद्र नारायण सिंह, विष्णु गिरी, निरंजन मिश्रा, संजय ठाकुर, भाजपा नेता पंकज सिंह, राकेश त्रिपाठी, स्वप्निल सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। उनका निधन आदित्यपुर के सामाजिक और साहित्यिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *