सरायकेला में आकाशीय बिजली का कहर: खेत में महिला किसान की मौत अंतिम संस्कार के बीच पहुंची पुलिस, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा

सरायकेला-खरसावां, वज्रपात

सरायकेला-खरसावां: सरायकेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में शनिवार एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान का बिचड़ा लगाने के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला किसान अवंती महतो की मौके पर ही मौत हो गई।

​मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर निवासी अवंती महतो शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने गांव के पास स्थित खेत में कृषि कार्य के सिलसिले में गई थीं। वह खेत में धान का बिचड़ा तैयार कर रही थीं, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर पड़ी। बिजली की चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गईं और खेत में ही बेसुध होकर गिर पड़ीं।

​आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से आहत परिजन पुलिस को औपचारिक सूचना दिए बिना ही शव को सीधे घर ले आए और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी।

​मामले की भनक लगते ही सरायकेला थाना की पुलिस टीम तुरंत नारायणपुर गांव पहुंची। पुलिस पदाधिकारियों ने परिजनों को कानूनी औपचारिकताओं और सरकारी प्रावधानों की जानकारी देकर समझाया और अंतिम संस्कार रुकवा दिया। इसके बाद शव को पंचनामा तैयार कर दोबारा सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम का समय होने के कारण पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी, जिसे रविवार को संपन्न कराया जाएगा।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *