Adityapur: आदित्यपुर में छोटे खरकई पुल से महिला ने नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

आदित्यपुर के छोटे खरकाई पुल से महिला ने नदी में लगाई छलांग

आदित्यपुर: आदित्यपुर स्थित छोटे खरकाई पुल से शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक महिला द्वारा खरकाई नदी में छलांग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद पुल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला को नदी की तेज धार में बहते देख मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चप्पल उतारकर मोबाइल फेंका, फिर नदी में लगाई छलांग

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, करीब 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिला दोपहर में अकेले पुल पर पहुंची थी। वह रेलिंग के पास गई और पहले अपनी चप्पलें उतारीं। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन नदी की ओर फेंक दिया और अचानक खरकाई नदी में छलांग लगा दी।

आसपास मौजूद लोग जब तक घटना को समझ पाते और महिला को रोकने का प्रयास करते, तब तक वह नदी की तेज धार में समा चुकी थी।

आदित्यपुर

तेज बहाव में आंखों से ओझल हुई महिला

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। पुल से गुजर रहे लोगों ने महिला को कुछ दूरी तक नदी की धार में बहते हुए देखा। लोगों ने उसे बचाने के लिए आवाज लगाई और मदद की कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव काफी तेज होने के कारण महिला जल्द ही उनकी आंखों से ओझल हो गई।

पहचान और कारणों की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसके नदी में छलांग लगाने के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।

पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ महिला की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *