गुवा। मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ और गुवा सेल प्रबंधन के बीच हुई वार्ता के बाद कई मुद्दों पर सहमति बनने की बात सामने आई है। यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने मजदूरों के साथ बैठक कर प्रबंधन के साथ हुई बातचीत और सहमति की जानकारी साझा की।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पूर्व मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर रामा पांडे के नेतृत्व में सेल प्रबंधन के साथ बैठक हुई थी। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने कई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया।
रामा पांडे के अनुसार, दुर्गापूजा को देखते हुए ठेका मजदूरों को 10 हजार रुपये एडवांस देने की मांग पर प्रबंधन ने सहमति जताई है। इसके साथ ही मजदूरों के क्वार्टरों में आवश्यक मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया गया है। छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की बात कही गई है।

यूनियन के मुताबिक, ठेका मजदूरों को स्किल्ड और सेमी-स्किल्ड श्रेणी का लाभ देने के मुद्दे पर भी प्रबंधन की सहमति बनी है। वहीं, कुछ ठेका मजदूरों और सुरक्षा गार्डों के रिटेंचमेंट बेनिफिट की बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं होने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। इस पर प्रबंधन ने जल्द बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया है।
बैठक में गुवा सेल अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियन के अनुसार, अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने, नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, एक नया एंबुलेंस देने और दो डॉक्टरों की नियुक्ति करने का आश्वासन प्रबंधन की ओर से दिया गया है।
रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की मांगों को लेकर प्रबंधन ने जो आश्वासन दिया है, उसे जल्द धरातल पर लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समय रहते अमल नहीं हुआ तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा। इसकी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी।








